अभिषेक मिश्रा/बिलासपुर
कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा हिमाचल के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर की जा रही पत्रकार वार्ताओं का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस के नेता अपने गिरेबान में झांक कर देख ले । वह बिलासपुर में पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तथ्य हीन आरोप लगाने से इन नेताओं की गरिमा का पता चल रहा है कि यह कितने पानी में हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने न तो भ्रष्टाचार से समझौता किया है और ना ही करेगी। मुख्यमंत्री से त्यागपत्र मांगने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि जिस समय कांग्रेस के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर सीबीआई के आरोप लगे थे उस समय कांग्रेसी नेताओं ने उनसे इस्तीफा क्यों नहीं मांगा था । कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऊपर भी आरोप लगे हैं तो उन्होंने त्यागपत्र क्यों नहीं दिया। शर्मा ने कहा कि केवल अखबारी बयान बाजी से झूठी लोकप्रियता हासिल करने का यह प्रयास कांग्रेसी नेताओं को बंद कर देना चाहिए। पत्रकार वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष स्वंतत्र सांख्यान भी उपस्थित थे।